CG SUICIDE
छत्तीसगढ़ के परपोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरी कला गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवविवाहित पति यशवंत वर्मा ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी नंदिनी वर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खेत में जाकर एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए साजा भेजा गया है। बताया जा रहा है कि यशवंत और नंदिनी की शादी महज सात महीने पहले ही हुई थी। मृतका के पिता चंद्रदेव वर्मा ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ देर पहले नंदिनी ने फोन कर पति द्वारा मारपीट की जानकारी दी थी।
CG SUICIDE
चंद्रदेव वर्मा के अनुसार, बीती रात नंदिनी अपने मायके ग्राम ढाबा में एक बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी। वहीं से लौटते वक्त पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। पिता ने रात में जाने से मना करते हुए सुबह वापस लौटने की सलाह दी। सुबह दोनों अपने घर पथरी कला लौटे, जहां किसी बात को लेकर फिर विवाद हुआ और यशवंत ने नंदिनी की गला दबाकर हत्या कर दी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही यशवंत और उसके परिवार की ओर से नंदिनी को प्रताड़ित किया जाता था। पति और उसकी तीनों बहनों पर दहेज की मांग का भी आरोप लगाया गया है। गांव के लोगों ने कई बार दोनों के बीच सुलह करवाने की कोशिश की थी, लेकिन घरेलू कलह थमने का नाम नहीं ले रही थी।फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल बना चुकी है।

