KORBA ROAD ACCIDENT
कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं जब एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम हरिओम की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सुरजपुर से चिमनीभठा जा रही बारात में दूल्हे का जीजा नीलेश तिवारी कार चला रहा था।

बारात दुल्हन के घर की ओर बढ़ रही थी और डीजे की धुन पर लोग नाच-गा रहे थे। इस दौरान नीलेश ने रफ्तार में कार चलाते हुए अचानक ब्रेक लगाकर स्टंट करने की कोशिश की। बताया गया कि उसने कार का पिछला चक्का उठाने की कोशिश की, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डीजे वाहन से टकरा गई।
KORBA ROAD ACCIDENT
कार में उस समय चार लोग सवार थे। दूल्हे की गोद में उसका भांजा हरिओम बैठा था। टक्कर के बाद डीजे वाहन गिर गया और हरिओम के ऊपर आ गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मासूम की मौत हो गई। हादसे में नीलेश तिवारी भी घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने पिटाई के बाद पुलिस के हवाले किया।
पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और मासूम के शव को मर्चुरी भिजवाया। इस हृदयविदारक घटना के बाद दूल्हा शादी से इनकार करने लगा, लेकिन दुल्हन के परिजनों और स्थानीय लोगों के समझाने पर शादी गमगीन माहौल में संपन्न कराई गई। यह हादसा जश्न में लापरवाही और स्टंटबाजी के खतरनाक परिणाम का उदाहरण बन गया।’

