Neha Singh Rathaur Sedition Case
लखनऊ। लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराने वाले कवि अभय प्रताप सिंह को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी दी गई है। कवि ने पुलिस को मौखिक रूप से जानकारी दी कि उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए धमकी भरे लहजे में कहा, “ज्यादा नेता बन रहे तुम, ठीक नहीं होगा।”
जब अभय सिंह ने कॉल करने वाले से उसका नाम पूछा, तो उसने गाली-गलौज की और फोन काट दिया। कॉल करने वाला नंबर किसी “बीके” नाम से शो कर रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि अभय सिंह ने लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया था। नेहा सिंह ने एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को लेकर विवादास्पद बयान दिए थे और गंभीर आरोप लगाए थे। यह वीडियो पाकिस्तान के एक मीडिया चैनल द्वारा भी शेयर किया गया, जिसके बाद देश के कई हिस्सों में उनके खिलाफ देशद्रोह के मामले दर्ज हुए।

