CG CricFest 2025
रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए 13 अप्रैल का दिन यादगार बनने जा रहा है, जब भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और भारत को दो बार विश्व कप जिताने वाले जुझारू बल्लेबाज़ गौतम गंभीर रायपुर की सरज़मीं पर कदम रखेंगे। वे CricFest 2025 के भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल होने आ रहे हैं, जो राजधानी रायपुर के ओम्निया (कोर्टयार्ड बाय मैरियट के पास) में सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा।
गंभीर इस आयोजन में स्कूली छात्रों को क्रिकेट की बारीकियों से रूबरू कराएंगे। खेल की तकनीकी समझ के साथ-साथ वे नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी बात करेंगे। चयनित छात्रों के साथ उनका सीधा संवाद सत्र आयोजित होगा, जिसमें वे अपने अनुभव साझा करेंगे और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।
इस खास मौके पर एक विशेष CricFest जर्सी और गौतम गंभीर के हस्ताक्षर वाली टोपी भी छात्रों को दी जाएगी, जो इस दिन को हमेशा के लिए खास बना देगी।
CG CricFest 2025
राज्य सरकार और क्रिकेट संघ का समर्थन
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जुबिन शाह भी मौजूद रहेंगे। उनका आना राज्य में खेलों के प्रति सरकार और प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अकादमी ग्राउंड का दौरा और स्टंप पूजा
गंभीर ओम्निया कार्यक्रम के बाद इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ग्राउंड, अवंती विहार का दौरा करेंगे। यहां वे स्टंप्स की पूजा कर क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन करेंगे। यह परंपरा न सिर्फ खेल के प्रति श्रद्धा को दर्शाती है, बल्कि इस आयोजन की गंभीरता और गरिमा को भी बढ़ाती है।
CG CricFest 2025
14 अप्रैल से शुरू होगा प्रशिक्षण शिविर
गंभीर की मेंटोरशिप में 14 अप्रैल से यह क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा, जिसमें देश-विदेश के दिग्गज क्रिकेट विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे:
- जोंटी रोड्स – दक्षिण अफ्रीका के महानतम फील्डर।
- मयंक सिदाना – प्रथम श्रेणी खिलाड़ी और दिल्ली रणजी टीम के चयनकर्ता।
- सुहैल शर्मा – दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व स्काउट और इंडिया कैपिटल्स के सहायक कोच।
- अतुल रानाडे – भारत के बेहतरीन फील्डिंग कोचों में से एक।
- पंकज राव – छत्तीसगढ़ के घरेलू क्रिकेट नायक, जिन्होंने भारत A का प्रतिनिधित्व किया है।
छत्तीसगढ़ में क्रिकेट का नया युग
CricFest 2025 को छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर्स के लिए एक स्वर्णिम अवसर के रूप में देखा जा रहा है। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के क्रिकेट भविष्य की नींव है। जहां बच्चों को न केवल खेल की शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें यह विश्वास भी होगा कि वे एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

