Vidisha News
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक गंजबासौदा निवासी आदर्श विश्वकर्मा की ट्रेन में किन्नरों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से विश्वकर्मा समाज में भारी आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
15 मार्च की रात की घटना, वीडियो हुआ वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, यह भयावह घटना 15 मार्च की रात की है, जब आदर्श विश्वकर्मा गोंडवाना एक्सप्रेस से भोपाल से गंजबासौदा लौट रहे थे। रास्ते में सांची के आसपास ट्रेन में सवार 8-10 किन्नरों ने उनसे जबरन पैसे मांगे। पैसे न देने पर विवाद इतना बढ़ा कि किन्नरों ने चलती ट्रेन में ही आदर्श को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में किन्नरों को आदर्श के ऊपर लात-घूंसे बरसाते और उसके ऊपर कूदते देखा जा सकता है। इस दौरान ट्रेन में मौजूद अन्य यात्री मूकदर्शक बने रहे।

शव रेलवे ट्रैक के पास मिला, परिजनों में कोहराम
अगले दिन आदर्श का शव गंजबासौदा रेलवे ट्रैक के पास मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रेन से गिरने से पहले उसकी बुरी तरह पिटाई की गई थी। मृतक आदर्श विश्वकर्मा प्रतिदिन भोपाल नौकरी के सिलसिले में अप-डाउन करते थे।
मंत्री का रिश्तेदार था मृतक, समाज में आक्रोश
मृतक आदर्श प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (दर्जा प्राप्त) एवं विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम नारायण विश्वकर्मा के रिश्तेदार थे। मंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “हमारे समाज में इस हत्या को लेकर गहरा रोष है। प्रशासन से मांग है कि किन्नरों के आतंक पर लगाम लगाई जाए और आदर्श के हत्यारों को कठोरतम सजा दी जाए।”
FIR दर्ज होने की तैयारी
विदिशा पुलिस के अधिकारी योगेंद्र सिंह परमार ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं एसपी के निर्देशानुसार, जैसे ही पोस्टमार्टम और अन्य रिपोर्ट मिलेंगी, आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे में किन्नरों का बढ़ता आतंक
गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में ट्रेनों में किन्नरों द्वारा यात्रियों से जबरिया पैसे वसूलने और परेशान करने की घटनाओं में इज़ाफा हुआ है। किन्नर यात्रियों को अपमानित करने, अश्लीलता करने और डराने-धमकाने से भी नहीं चूकते। कई बार यात्री डर के मारे पैसे दे देते हैं। रेलवे अधिनियम की धारा 144बी के तहत इस तरह की घटनाओं पर कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन यात्रियों द्वारा शिकायत दर्ज न कराना बड़ी समस्या है।

विश्वकर्मा समाज की मांग – ट्रेन में किन्नरों का प्रवेश रोका जाए
इस घटना के बाद विश्वकर्मा समाज ने एकजुट होकर प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों में किन्नरों के प्रवेश और जबरिया वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए।
क्या सरकार उठाएगी सख्त कदम?
यह सवाल अब हर किसी के मन में है कि क्या प्रशासन और रेलवे अब चेतेंगे और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाएंगे? किन्नरों की आड़ में चल रही इस जबरिया वसूली और अब हत्या जैसी घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

