NRI WOMAN MOLESTATION
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भारतीय मूल की एक अमेरिकी महिला ने एक तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु नागचांग गुरु क्याप पर बलात्कार का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मगुरु को देर रात हिरासत में ले लिया है। महिला का मेडिकल परीक्षण भी जोनल अस्पताल धर्मशाला में करवा लिया गया है, और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 नवंबर 2024 की घटना का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि यह घटना 2 नवंबर 2024 की है, जब वह बीमार थीं और उनके पति बोधगया में थे। इसी दौरान धर्मगुरु उनके घर आए और कथित तौर पर कहा कि उनके साथ यौन संबंध बनाने से उनकी तबीयत ठीक हो जाएगी। महिला ने बताया कि इस घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपने पति को पूरी जानकारी दी, लेकिन धर्मगुरु के परिवार की प्रतिष्ठा के कारण दोनों ने उस समय चुप्पी साध ली। इसके बाद पीड़िता बोधगया चली गईं और धर्मगुरु से दूरी बना ली।
NRI WOMAN MOLESTATION
5 मार्च को फिर संपर्क और धमकी का आरोप
महिला 5 मार्च को धर्मशाला लौटीं और अगले ही दिन धर्मगुरु ने उनसे संपर्क किया। मुलाकात की सहमति बनने के बाद धर्मगुरु ने कथित तौर पर योजना बदल दी और महिला को ही दोषी ठहराते हुए धमकी दी कि वह चुप रहे।
अमेरिकी दूतावास व SP से शिकायत
इसके बाद पीड़िता ने अमेरिकी दूतावास, मैक्लोडगंज पुलिस थाना और एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री से शिकायत की। एसएसपी ने मामले को महिला थाना धर्मशाला को सौंप दिया, जहां धारा 376 (दुष्कर्म) और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी धर्मगुरु को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
NRI WOMAN MOLESTATION
धर्मगुरु का पक्ष – ‘बौद्ध धर्म को बदनाम करने की साजिश’
धर्मगुरु नागचांग गुरु क्याप ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि यह एक साजिश है बौद्ध दर्शन को बदनाम करने की। उन्होंने अपनी बेगुनाही का दावा किया और कहा कि वे हर तरह की जांच का सामना करने को तैयार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पीड़िता ने अब तक कोर्ट में मामला दर्ज क्यों नहीं कराया, जिससे आरोपों की प्रामाणिकता संदिग्ध लगती है।
निष्पक्ष जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। पीड़िता का मेडिकल हो चुका है, और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।

