Site icon AB News.Press

Chhattisgarh Congress : निकाय चुनाव में हार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा फेरबदल संभावित, नई कार्यकारिणी की तैयारी अंतिम चरण में

Chhattisgarh Congress

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की नजरें प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पुनर्गठन और संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर टिकी हुई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है और जल्द ही कई नए चेहरों को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

19 मार्च को अहम बैठक, दिल्ली जाएगा प्रस्ताव

इस संबंध में 19 मार्च को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद पीसीसी अध्यक्ष नई कार्यकारिणी का प्रस्ताव लेकर दिल्ली जाएंगे और आलाकमान से अंतिम मुहर लगवाएंगे। पार्टी की योजना है कि अप्रैल में होने वाले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) सम्मेलन से पहले नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया जाए।

READ MORE – Raipur Nagar Nigam : रायपुर नगर निगम में मीनल चौबे की टीम घोषित, 14 सदस्यीय MIC में संतुलन साधने की कोशिश

Chhattisgarh Congress

बड़े पैमाने पर नियुक्तियां, 100 तक हो सकते हैं नए सचिव

सूत्रों के अनुसार इस बार संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए करीब 10 उपाध्यक्ष, 25 महामंत्री और 100 के आसपास सचिवों की नियुक्ति की जा सकती है। खास बात यह है कि इस बार संयुक्त महासचिव के पद को समाप्त करने का फैसला लिया गया है, जिससे सचिवों को सीधे विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जा सके और संगठनात्मक कामकाज में तेजी लाई जा सके।

नेतृत्व परिवर्तन पर सस्पेंस बरकरार

हालांकि प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें बनी हुई हैं, लेकिन अब तक आलाकमान की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। अगर आलाकमान मौजूदा नेतृत्व को ही कार्यकारिणी के साथ मंजूरी देता है, तो नेतृत्व परिवर्तन टल सकता है और वर्तमान टीम को कुछ महीनों की राहत मिल सकती है।

Chhattisgarh Congress

निकाय चुनाव में हार के बाद संगठन में नई ऊर्जा भरने की कोशिश

बता दें कि निकाय चुनावों में मिली हार ने कांग्रेस के भीतर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। वहीं पार्टी नेतृत्व अब संगठन को फिर से सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की कोशिश में जुटा है। ऐसे में नई नियुक्तियों के जरिए जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है, ताकि आने वाले चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर सके।

संगठनात्मक मजबूती पर फोकस

वहीं पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी। इसके अलावा, युवाओं और महिलाओं को भी संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व देने की योजना बनाई जा रही है, जिससे संगठन में ताजगी और विविधता आ सके।

READ MORE – Language Controversy : भाषा की जंग, दक्षिण में हिंदी के खिलाफ आग, चंद्रबाबू नायडू ने क्यों कहा – “भाषा नफरत का कारण नहीं हो सकती”?

Exit mobile version