MP ASI Murder
मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के गड़रा गांव में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई। मिली जानकारी के मुताबिक दो महीने पुराने सड़क हादसे से गुस्साई भीड़ ने पहले एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। युवक को बचाने पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया गया, जिसमें एक एएसआई की मौत हो गई और 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव की है, जहां अशोक आदिवासी नामक युवक की दो महीने पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। लेकिन मृतक के परिजन इस मौत को हत्या मानते थे। उनका आरोप था कि गांव के ही सनी द्विवेदी ने अशोक की हत्या की है।
MP ASI Murder
पुलिस ने इस मामले को सड़क हादसा मानते हुए सनी द्विवेदी की गिरफ्तारी नहीं की। यही वजह थी कि अशोक आदिवासी का परिवार और गांव के आदिवासी समुदाय में गहरा आक्रोश पनप रहा था।
शनिवार को बेकाबू हुई भीड़
वहीं शनिवार 15 मार्च को शाम करीब 4 बजे, अशोक आदिवासी के परिजनों और गांव के लोगों ने मिलकर सनी द्विवेदी को घर से उठाया और बंधक बना लिया। उसे गांव के चौक में लाकर बेहद बुरी तरह पीटा गया।
गांव वालों की मांग थी कि जब तक कलेक्टर और एसपी खुद नहीं आते, तब तक सनी को नहीं छोड़ा जाएगा। भीड़ का गुस्सा बढ़ता गया और शाम 6 बजे तक सनी की मौत हो गई।

पुलिस पर हमला, ASI की मौत
सनी को बचाने पहुंची पुलिस टीम भी भीड़ की हिंसा का शिकार हो गई। जैसे ही पुलिसकर्मी गांव में दाखिल हुए, भीड़ ने हमला बोल दिया। ASI रामचरण गौतम पर भीड़ ने घातक हमला किया। उन्हें घेर कर पीटा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हमले में शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती, हनुमना तहसीलदार कुमारे लाल पनिका सहित 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MP ASI Murder
प्रशासन में हड़कंप, गांव में तनाव
घटना के बाद जिले में हड़कंप मच गया। कलेक्टर और एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में अत्यधिक तनाव है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की और हिंसा को रोका जा सके।
वही गांव के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले ही सनी द्विवेदी को गिरफ्तार किया होता, तो यह घटना टल सकती थी। वहीं, पुलिसकर्मी की मौत ने कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
read more – AR Rahman Hospitalized : ए.आर. रहमान की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती – फैंस कर रहे दुआएं

