CG News
रायपुर। कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की भूमिकाओं में परिवर्तन की संभावना है। गौरतलब है कि भूपेश बघेल को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है, उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही पंजाब कांग्रेस का प्रदेश प्रभारी भी बनाया गया है।
बता दें कि 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए भूपेश बघेल प्रमुख चुनावी रणनीतिकारों में से एक होंगे। मुख्यमंत्री रहते हुए भी भूपेश बघेल को असम और उत्तर प्रदेश चुनावों का प्रभारी नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही 9 राज्यों के लिए नए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।

CG News
मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना का प्रभारी, श्रीमती रजनी पटेल को हिमाचल और चंडीगढ़ का प्रभारी, बी.के. हरीप्रसाद को हरियाणा का प्रभारी, अजय कुमार लल्लू को उड़ीसा का प्रभारी, के. राजू को झारखंड का प्रभारी, सप्तगिरी शंकर उल्का को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड का प्रभारी और कृष्णा अल्लवरु को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
तो वहीं टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद मिलने की अटकलें हैं। हाल ही में, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़े जाएंगे, जिससे इन अटकलों को और बल मिला है। इसके अलावा, नगरीय निकाय चुनावों के नतीजों के बाद कांग्रेस इन बदलावों पर अंतिम मुहर लगा सकती है।
CG News
टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ की सरगुजा रियासत से संबंध रखते हैं और राज्य में नेता प्रतिपक्ष, मंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभा चुके हैं। पार्टी अब उन्हें राज्य में सक्रिय भूमिका देने पर विचार कर रही है।भूपेश बघेल गुरुवार को दिल्ली रवाना हो चुके हैं, जिससे इन संभावित बदलावों की अटकलें और तेज हो गई हैं।
हालांकि, इन संभावित बदलावों पर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।इन संभावित बदलावों का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।

