Site icon AB News.Press

Delhi Assembly Elections 2025 : दिल्ली में ऑपरेशन लोटस पर सियासी हलचल, केजरीवाल ने सभी 70 AAP उम्मीदवारों की बैठक बुलाई, BJP पर गंभीर आरोप लगाए

Delhi Assembly Elections 2025

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले राजधानी में सियासी माहौल गर्मा गया है। खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी 70 उम्मीदवारों को बैठक में बुलाया है, यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक को चुनाव परिणामों से पहले अहम माना जा रहा है।

बता दें कि AAP के नेता संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन लोटस” के तहत बीजेपी AAP के विधायकों को 15-15 करोड़ रुपये का ऑफर दे रही है। बीजेपी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है और इसकी तुलना देश के अन्य हिस्सों में पार्टियां तोड़ने की बीजेपी की रणनीति से की।

वहीं अरविंद केजरीवाल ने एग्जिट पोल्स पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यदि BJP की पार्टी को 55 सीटें मिल रही हैं, तो उनके उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने कहा कि ये सर्वे फर्जी हैं और माहौल बनाने के लिए उम्मीदवारों को तोड़ा जा रहा है। केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि उनके 16 उम्मीदवारों को 2 घंटे में फोन आए, जिसमें 15-15 करोड़ रुपये और मंत्री बनने का ऑफर दिया गया।

AAP विधायक मुकेश अहलावत का दावा- बीजेपी ने 15 करोड़ रुपये और मंत्री पद का दिया ऑफर

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सियासी माहौल और भी गर्मा गया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुकेश अहलावत ने एक एक्स पोस्ट में दावा किया कि उन्हें बीजेपी से एक फोन आया था, जिसमें उन्हें पार्टी छोड़ने के बदले 15 करोड़ रुपये और मंत्री पद का ऑफर दिया गया। मुकेश ने कहा, “मैं मर जाऊंगा, कट जाऊंगा, लेकिन कभी अरविंद केजरीवाल का साथ नहीं छोड़ूंगा।”

इस पोस्ट के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “अगर किसी पार्टी को 50 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं, तो हमारे प्रत्याशियों से संपर्क कर उन्हें तोड़ने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? यह दिखा रहा है कि एग्जिट पोल एक साजिश के तहत आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।” यह आरोप बीजेपी की चुनावी रणनीति और उनके ऑपरेशन लोटस के खिलाफ सख्त प्रतिक्रिया के रूप में सामने आए हैं। गौरतलब है कि दिल्ली चुनाव के रिजल्ट से पहले इस सियासी घमासान ने राजनीतिक माहौल को और भी गरमा दिया है।

Exit mobile version