NAXAL SURRENDER IN KANKER
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। उत्तर बस्तर डिवीजन में सक्रिय 32 लाख के इनामी 7 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें डीवीसीएम (डिविजनल कमेटी मेंबर) ममता भी शामिल है, जो कई बड़ी नक्सली घटनाओं में संलिप्त रही है।
सातों नक्सलियों ने कांकेर पुलिस अधीक्षक और डीआईजी के सामने आत्मसमर्पण किया। ये सरेंडर राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान और पुनर्वास नीति के प्रभाव का परिणाम है। सरेंडर करने वाले नक्सली उत्तर बस्तर डिवीजन के परतापुर, रावघाट एरिया कमेटी और गढ़चिरौली डिवीजन में सक्रिय थे।
सरकार द्वारा घोषित इनामी राशि के अनुसार, इनमें से तीन नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये, एक पर 5 लाख रुपये और तीन अन्य पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली कई बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं।
शासन की पुनर्वास नीति के तहत इन नक्सलियों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह आत्मसमर्पण नक्सल समस्या के समाधान और क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
READ MORE – MahaKumbh 2025 : 73 देशों के 116 राजदूत महाकुंभ पहुंचे, संगम में डुबकी के साथ फहराएंगे अपने-अपने देश के ध्वज
