Chhattisgarh Nikay Election
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से पहले सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) सुप्रीमो रेणु जोगी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर अपनी पार्टी के कांग्रेस में विलय करने की इच्छा जताई है।
बता दें कि कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद दिवंगत अजीत जोगी ने अपनी पार्टी बनाई थी, इस पार्टी ने साल 2018 विधानसभा चुनाव में 5 सीटें हासिल की थी, लेकिन 2023 में एक सीट पर भी जीत नहीं मिली थी। वहीं बताया जा रहा है कि विधानसभा से लेकर लोकसभा चुनाव के बीच पार्टी में भितरघात करने वाले और बागी होकर चुनाव लड़ने वाले नेताओं ने माफी भी मांगी है। जिसके बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गयी है। अब ऐसे में ये देखना होगा कि क्या निकाय चुनाव से पहले पहले कांग्रेस बागी नेताओं की घर वापसी कराएगी ?
Chhattisgarh Nikay Election
कांग्रेस की शरण में जोगी परिवार
पत्र में कहा गया है कि दोनों पार्टियों की विचारधारा समान है, पार्टी की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि पार्टी का कांग्रेस में विलय हो। उल्लेखनीय है कि जोगी कांग्रेस ने वर्ष 2023 में हुए राज्य के 90 सदस्यीय विधानसभा चुनाव की 77 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए थे, मगर पार्टी का खाता भी नहीं खुला था। इसके लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं तक अप्रोच लगा चुके हैं। कमेटी बनाए जाने से उनकी वापसी का रास्ता खुल सकता है।
कांग्रेस पार्टी ने जिन नेताओं को निष्कासित किया था, उन्होंने पार्टी में फिर से शामिल होने का आवेदन संगठन को दिया है। इसमें कई नेताओं ने लिखित माफी भी मांगी है। कांग्रेस बागियों और भितरघातियों की घर वापसी के लिए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत 7 नेताओं को जिम्मेदारी दी है।

