Mann Ki Baat
नई दिल्ली। पीएम मोदी ने आज रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 116वें एपिसोड को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया जा रहा है। बता दें कि मन की बात का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो (AIR) के 500 से अधिक प्रसारण केंद्रों पर किया जा रहा है। वहीं भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मन की बात कार्यक्रम को अलग-अलग जगहों से सुन रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि साथियों, आज बड़ा ही खास दिन है। आज एनसीसी दिवस है। एनसीसी का नाम सामने आते ही हमें स्कूल-कॉलेज के दिन याद आ जाते हैं। मैं स्वयं भी एनसीसी कैडेट रहा हूं, इसलिए पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इससे मिला अनुभव मेरे लिए अनमोल है। जब भी कहीं आपदा होती है तो वहां मदद के लिए एनसीसी के कैडेट्स जरूर मौजूद होते हैं।
आज एनसीसी को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब एनसीसी में गर्ल्स कैडेट्स की संख्या 40 प्रतिशत अधिक हो गई है। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की 162वीं जयंती पर इस बार इसे खास तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 11 और 12 जनवरी को भारत मंडपम में युवाओं का महाकुंभ होने जा रहा है। और इस पहल का नाम ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ रखा गया है। जिसमे भाग लेने के लिए करोड़ों की तादात में युवा शामिल होंगे।

