Site icon AB News.Press

Badlapur Protest : अस्पताल हो या स्कूल, बेटियां कही भी महफूज नहीं, कोलकाता रेप कांड के बाद महाराष्ट्र के बदलापुर में 4 साल की मासूम बच्चियों की साथ घिनौनी हरकत, देश में आज महिला सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल……

Badlapur Protest

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता हो या फिर महाराष्ट्र का बदलापुर, समाज में घूम रहे दरिंदो की हैवानियत से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। और वजह है बेटियों के साथ दरिंदगी और छेड़छाड़। आज हमारे देश में अस्पताल हो या स्कूल, सड़क हो या घर, बेटियां कहीं भी महफूज नहीं दिख रही हैं। लोगो के अंदर कानून का डर ही नहीं है। जिसके कारण आज देश में महिलाओ के साथ रेप करके दरिंदगी से उनकी निर्मम हत्या कर दी जाती है। जिसका परिणाम है की हम समय समय पर ऐसे घिनौने कांड को देखते आ रहे है। यही वजह है कि कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर की रेप के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी जाती है तो कभी बदलापुर के स्कूल में 4 साल की दो बच्चियों के साथ स्कूल में घिनौनी हरकत की घटना घटित हो जाती है।

कोलकाता कांड और बदलापुर में बच्चियों से छेड़छाड़ पर देशभर में बवाल मच गया है। बदलापुर में बिगड़ते हालत को देख कर इंटरनेट बंद कर दिया गया है और ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही हैं। खबरों के मुताबिक बदलापुर में मंगलवार को बड़ा बवाल हुआ। यहां 2 मासूम बच्चियों से छेड़छाड़ से गुस्साई भीड़ ने स्कूल में तोड़फोड़ की और रेलवे स्टेशन को बंधक बनाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल में जमकर तोड़फोड़ हुई।

हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। हालांकि, इस मामले में अब एक्शन हो चुका है। आरोपी सफाईकर्मी दबोचा गया है और एसआईटी इस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी को फास्ट्र ट्रैक कोर्ट में कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वहीं, आरजी कर अस्पताल कांड में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ममता सरकार की खिंचाई की और मृतक डॉक्टर की फोटो पब्लिश होने पर हैरानी जताई।

जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल 14 अगस्त को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर के एक स्कूल में चार साल की दो बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था। दरअसल मॉडल स्कूल में काम करने वाले सफाईकर्मचारी अक्षय शिंदे ने टॉयलेट में दो बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की। यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। मगर एक्शन में देरी की वजह से अभिभावकों का गुस्सा मंगलवार को भड़क उठा। जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने सड़क पर उतर कर स्कूल में तोड़फोड़ किया और रेलवे स्टेशन को भी जाम कर दिया गया।

जिसके बाद बदलापुर स्टेशन पर कई घंटों तक ट्रेन की आवाजाही बंद थी। इसके बाद प्रशासन की नींद खुली और पुलिस एक्शन मोड में आ गई। गुस्साई भीड़ की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। जिसके बाद से पूरे इलाके में इंटरनेट सेवा बंद है और जांच SIT को सौंपी गई है। वही बदलापुर बवाल कांड में तीन पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया है। पीड़ित परिवार ने बताया की पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में देरी की और उन्हें कई घंटे तक थाने में बिठाए रखा था। इसी के विरोध में भीड़ ने 20 अगस्त यानी मंगलवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किए।

सीएम शिंदे ने दिया बयान
वही सीएम एकनाथ शिंदे का कहना है कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर से बात करके आरोपी पर रेप की कोशिश और पोस्को एक्ट जैसी सख्त धाराएं लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही सीएम ने फास्ट ट्रैक कोर्ट की मदद से आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। पीड़ित परिवार का आरोप था कि पुलिस ने समय पर शिकायत दर्ज नहीं की, जिसके बाद इंस्पेक्टर शुभदा शितोले का तबादला कर दिया गया है। इसी कड़ी में स्कूल की प्रिंसिपल को भी सस्पेंड कर दिया है। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय को पॉस्को एक्ट के तहत हिरासत में लिया है। इसके बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।

Exit mobile version