Baloda Bazar Violence
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हिंसा के बाद सरकार ने मंगलवार देर रात को कलेक्टर कुमार लाल और एसपी सदानंद को हटा दिया है। आईएएस अधिकारी दीपक सोनी को बलौदाबाजार जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। तो वही अब विजय अग्रवाल नए एसपी होंगे। वहीं योगेश पटेलको सरगुजा का नया एसपी बनाया गया है। इस बाबत राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिया है।

वहीं, इससे पहले पुलिस ने 83 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अलग-अलग आठ एफआइआर दर्ज की हैं। इसमें 40-50 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। लगभग 60 को हिरासत में लिया है। जिनके वाहन जलाए गए हैं उनमें से 60 से अधिक लोगों ने भी शिकायत की है।


बता दे कि बलौदाबाजार में सतनाम पंथ के धार्मिक स्थल अमर गुफा के जैतखाम में तोड़फोड़ के मामले की जांच व अन्य मांगों को लेकर सतनामी समाज के कई संगठन आंदेालन कर रहे थे। 10 जून को बलौदाबाजार जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ गई थी। प्रदर्शनकारियों का सोमवार को कलेक्ट्रेट के घेराव के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया।
Baloda Bazar Violence
उपद्रवियों ने कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय को फूंक डाला। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी अपने साथ पेट्रोल बम और पत्थर लेकर आए थे। 100 बाइक, 30 से अधिक चारपहिया और दो दमकल वाहन को आग के हवाले किया गया है। 50 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। हिंसा होने के बाद सोमवार देर रात को गृह मंत्री विजय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिए थे।
प्रदेश के सबसे बेहतरीन कलेक्ट्रेट परिसर में से एक बलौदाबाजार का जिला कार्यालय अपनी बर्बादी की गवाही खुद दे रहा है। उपद्रवियों ने शासकीय वाहनों के साथ ही लोगों के निजी वाहनों को भी तोड़ा व जला दिया। जिले में कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस अधीक्षक कार्यालय का हाल सबसे बुरा था।
Baloda Bazar Violence
बता दें कि सतनाम समाज के प्रवर्तक बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी में है। यहां असामाजिक तत्वों ने सतनाम समाज के आस्था के केंद्र अमर गुफा में स्थित महकोनी मंदिर परिसर में 15-16 मई की रात को जमकर तांडव किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया। हालांकि सतनाम समाज के लोगों में गुस्सा कम नहीं हुआ है। इस मामले में समाज के लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
बलौदाबाजार की घटना के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में सुबह से लेकर रात तक मैराथन बैठकों का दौर चला। घटनाक्रम के बाद स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पल-पल की रिपोर्ट ली। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सतनामी समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

