Women delivered child on floor
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र नवानगर में फर्श पर महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने के मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया, जिस पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने स्वास्थ्य सचिव से हलफनामे पर जवाब मांगा है।
मामले में चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने चीफ सेक्रेटरी, स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग संचालक, कलेक्टर सरगुजा के साथ सीएमओ अंबिकापुर, सिविल सर्जन अंबिकापुर और मेडिकल ऑफिसर नवानगर को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।

स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव ने बीएमओ डॉ. पीएन राजवाड़े को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही ऑन ड्यूटी स्टाफ नर्स को भी सस्पेंड किया जा चुका है। दरअसल, दरिमा के नवानगर ग्राम पंचायत की रहने वाली 25 साल की गर्भवती को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो मितानिन उसे नवानगर उपस्वास्थ्य केंद्र ले गई थी।
Women delivered child on floor
मितानिन ने नर्स और डॉक्टर को फोन लगाया, लेकिन कोई अस्पताल नहीं पहुंचा। प्रसव पीड़ा बढ़ने पर मितानिन ने प्रसूता को जमीन पर लिटाकर प्रसव कराया था और जिसका वीडियो भी वायरल हो गया था।
इस मामले को संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने कहा है, कि जब राज्य सरकार राज्य के दूरदराज के इलाकों में रहने वाली जनता को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए भारी मात्रा में धन खर्च कर रही है तो ऐसी स्थिति किस कारण से बन रही है। स्वास्थ्य केंद्रों के मामलों का प्रबंधन करने के लिए जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी स्वयं अनुपस्थित हैं जब उनकी सबसे अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में सरकार को कुछ कड़े कदम उठाने चाहिए।
Women delivered child on floor
सुनवाई के बाद डीबी ने सचिव, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग, रायपुर को निर्देश दिया है कि, वे घटना के संबंध में उठाए गए कदमों के संबंध में अपना व्यक्तिगत हलफनामा दायर करें और आगे सुनिश्चित करें जो वीडियो इस घटना का ऑनलाइन वायरल किया गया है, उसे आगे प्रसारित करने से भी तत्काल रोका जाए।
संस्था प्रभारी RMA को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा जाएगा। वहीं एएनएम मीना चौहान को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। बिना सूचना के ड्यूटी में पदस्थ स्टॉफ नर्स कन्या पैंकरा अनुपस्थित मिलीं थीं। उसे भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

