Sukma Women Naxal Arrest
सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल क्षेत्र सुकमा जिले में जवानों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर से लगे केरलापाल गांव में एक्टिव एक ईनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था।
यह मलांगिर एरिया कमेटी की डॉक्टर टीम की कमांडर रही है। सुकमा एसपी ने बताया कि इसके पास से एक टिफिन बम और अन्य सामग्री बरामद की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला सुरक्षा बल, डीआरजी सुकमा, डीआरजी बस्तर एवं 206 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर से लगे गांव से महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है।
महिला नक्सली जिला दंतेवाड़ा थाना अरनपुर क्षेत्र के अंतर्गत पोटाली गांव की निवासी है। बता दें, गिरफ्तार की गई महिला नक्सली नक्सल संगठन के साथ मिलकर पिछले 5-6 सालों से लगातार सरकार के खिलाफ उनके नापाक इरादों को अंजाम दे रही थी।

