PM Modi Rally at Darbhanga in Bihar
दरभंगा। लोकसभा चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के दरभंगा के राज मैदान में बीजेपी प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर के समर्थन में विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली के जरिए उन्होंने मिथिला क्षेत्र की चार सीटों दरभंगा, झंझारपुर, मधुबनी और समस्तीपुर के वोटर को साधने की कोशिश की।
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत की राजा जनक की मिथला भूमि को नमन किया। उन्होंने मिथिला की भूमि और जनता जनार्दन का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने जनता से कहा, मोदी को कितना नंचाओगे। पीएम मोदी ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की।
लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पांचवां बिहार दौरा है। इससे पहले पीएम मोदी ने जमुई, नवादा, गया, पूर्णिया, अररिया और मुंगेर में चुनावी रैली कर चुके हैं।
दरभंगा लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान होना है। यहां बीजेपी के गोपालजी ठाकुर के खिलाफ महागठबंधन ललित यादव को टिकट दिया है। इन दोनों के बीच ही मुख्य मुकाबला है।
उन्होंने कहा, जैसे एक शहजादे दिल्ली में हैं वैसे ही एक शहजादे बिहार में हैं। उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को बिहार का शहजादा करार दिया और कहा कि वे राज्य को अपनी जागीर मानते हैं। पीएम ने कहा बिहार में अपहरण उद्योग चलता था। कैसे नौकरी देने के पहले जमीन लिखवा ली जाती थी। साथियों आज नीतिश जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार के विकास के लिए काम कर रहा है।
पीएम ने विरासत टैक्स और धार्मिक आधार पर मुसलमानों को आरक्षण देने की बात पर कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू ने भी धर्म के आधार पर आरक्षण देने का विरोध किया था, अब कांग्रेस उनकी ही भावना के खिलाफ जाकर मुसलमानों को कोटा देने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि दरभंगा एम्स की अड़चनों को दूर किया जा रहा है।

