Salman Khan
मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार और दबंग अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर रविवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की। मिली जानकारी के मुताबिक बांद्रा इलाके में स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर सुबह लगभग पांच बजे दो व्यक्तियों ने चार गोलियां चलाईं।
बड़ी खबर यह है कि जिस समय ये घटना हुई, उस समय सलमान खान अपने घर पर ही थे। इस घटना को देखते हुए एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। मुंबई पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है, बदमाश कौन थे और उन्होंने फायरिंग क्यों की, इन सब कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 3 राउंड फायर करने की जानकारी पुलिस को मिली है।
Salman Khan
गौरतलब है कि सलमान खान को कई बार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। धमकियों से बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, लेकिन रविवार तड़के को हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर सबकी परेशानी बढ़ा दी है।
सलमान खान के पास फिलहाल वाई प्लस सुरक्षा है। पिछले साल एक्टर के ऑफिस में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। सलमान के करीबी प्रशांत गुंजालकर को रोहित गर्ग से धमकी भरा मेल मिला था। ऐसी धमकियों के बीच सलमान खान ने अपने लिए एक बुलेटप्रूफ गाड़ी भी ली थी।
बॉलीवुड इतिहास में फिल्मी हस्तियों पर जानलेवा हमले होते रहे हैं, गुलशन कुमार की हत्या के बाद कई सितारों को धमकी भरे खत या फोन कॉल आ चुके हैं। इनमें शाहरुख खान, अरिजीत सिंह, बोमन ईरानी जैसे बड़े सितारों के नाम शामिल हैं।

