Site icon AB News.Press

Rajim Kumbh Kalp 2024 : 2 मार्च से शुरू होगा संतों का आगमन, संतो के लिए बनाई गयी तंबुओं की नगरी, राममय हुआ छत्तीसगढ़ का राजिम

Rajim Kumbh Kalp 2024

राजिम। राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है। यहां पर तीन नदियों महानदी, पैरी और सोंढूर का संगम है। इसे छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम कहते हैं। इसी पवित्र संगम के बीच राजिम कुंभ लगता है। यहां कुलेश्वर महादेव का प्राचीन शिवलिंग स्थापित हैं।

पुराणों के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण सहित यहां आए थे। कुलेश्वर महादेव की स्थापना भगवान राम ने की थी। इसके अलावा राजिम के प्राचीन राजीवलोचन मंदिर का दर्शन करने भी श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचते हैं।

छत्तीसगढ़ के प्रयागनगरी राजिम में शुरू हुए कुंभ कल्प में तंबुओं की नगरी आकार ले चुकी है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जगहों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। वहीं 3 मार्च से शुरू हो रहे संत समागम के लिए कुटिया और पंडाल का निर्माण कार्य जारी है।

Rajim Kumbh Kalp 2024

ये कुटिया घास-फूंस और टेंट से बनाई जा रही है। इसमें संतों के ठहरने का इंतजाम किया जा रहा है। श्रद्धालु सत्संग सुन सकें, इसके लिए बड़े पंडालों का निर्माण भी किया गया है। 8 मार्च तक चलने वाले समागम में 2 मार्च से संतों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

कल्प कुंभ समिति के सदस्य गिरीश बिस्सा ने बताया कि डासना देवी मंदिर के महंत और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महा मंडलेश्वर यति नरसिंहानंद महाराज, वृंदावन आश्रम के प्रेमानंद महाराज को भी न्योता दिया गया है। मध्यप्रदेश के गुरुशरण शर्मा पंडोखर सरकार भी राजिम कल्प कुम्भ में शामिल होने पहुंचेंगे।

Rajim Kumbh Kalp 2024

संत समागम स्थल में रोजाना होने वाले यज्ञ के लिए विशाल यज्ञ शाला तैयार की गई है। यहां राजिम कुंभ में आने वाले संत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-हवन करेंगे। फिलहाल अभी जनकपुरी महाराज, भोलागिरी महाराज, शीतलगिरी महाराज के अलावा अन्य संत पहुंचे हैं। इसके अलावा देश-विदेश के कई संतों को न्योता भेजा गया है।

इस बार का राजिम कुंभ भगवान श्रीराम को समर्पित है। ऐसे में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की भक्ति में सराबोर होने का सौभाग्य मिलेगा। वहीं शाम को होने वाले लेजर लाइट शो के जरिए प्रभु की लीलाओं को देख पाएंगे।

Rajim Kumbh Kalp 2024

आज इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन

कुंभ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को शासन की योजनाओं की जानकारी हो सके, इसलिए जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनी भी लगाई है। प्रदर्शनी को मोदी की गारंटी और विष्णु का सुशासन थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। प्रदर्शनी स्थल में LED के जरिए योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।

 

 

 

 

Exit mobile version