Kasganj Accident
कासगंज।उत्तर प्रदेश के कासगंज से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। गंगा स्नान के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली एक तालाब में पलट गई। इस हादसे में 7 बच्चों और 8 महिलाओं समेत 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 4 बच्चों के गंभीर हालात होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया है।
जहां चारों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालांकि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु पूर्णमासी के अवसर पर जैथरा से गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे।
Kasganj Accident
तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन को बचाने के चक्कर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचे हैं। राहत कार्य जारी है। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है।
15 लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार थाना दरियावगंज पटियाली मार्ग पर ग्राम गढ़ई के पास ट्रैक्टर में सवार होकर 15 श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। तभी ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में पलट जाने से 15 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा राहत बचाव कार्य जारी है।

पूरे इलाके में अपरा-तफरी का माहौल है और लोगों की चीख पुकार मची है। तालाब से निकलने वाले श्रद्धालुओं को पटियाली के स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया है। बताया गया कि ग्राम गढ़िया के पास अज्ञात वाहन को बचाने के चलते ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।
Kasganj Accident
कासगंज की जिलाधिकारी सुधा वर्मा और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी हादसे में 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। डीएम ने बताया कि शासन की ओर से हादसे में मारे गए लोगों के परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा हुई है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से हादसे पर दुख जताया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निशुल्क उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

